उत्तराखंड में मौसम का कहर, पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

केदारनाथ और गंगोत्री की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत में तेज बारिश की चेतावनी।

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

केदारनाथ और गंगोत्री के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। बारिश के कारण देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी समेत कई इलाकों में तापमान नीचे आया है। केदारनाथ में बर्फ जमने से रास्तों पर फिसलन बढ़ने और यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में भी कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील मार्गों पर निगरानी, एसडीआरएफ और पुलिस की तैयारी तथा जरूरत पड़ने पर यातायात नियंत्रित करने को कहा गया है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करें और ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पहले प्रशासन की सलाह जरूर लें।

Categories