मंत्रिमंडल में किसे रखना है और किसे नहीं, यह मुख्यमंत्री के विवेकाधिकार का विषय है, लेकिन संगठन की राय की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होती है। राज्य में बदली परिस्थितियों को देखते हुए धामी मंत्रिमंडल विस्तार में कौन नए चेहरे होंगे, इसे लेकर भाजपा संगठन मंथन में जुट गया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को दिल्ली जाकर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से इस विषय पर विमर्श कर सकते हैं। वहीं, राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नवरात्र में मंत्रिमंडल में विस्तार व फेरबदल हो सकता है। नवरात्र 30 मार्च से प्रारंभ हो रहे हैं। धामी मंत्रिमंडल की वर्तमान तस्वीर देखें तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत जिले से विधायक हैं। उनके अलावा पौड़ी जिले से सतपाल महाराज व डा धन सिंह रावत, देहरादून से गणेश जोशी व प्रेमचंद अग्रवाल, टिहरी से सुबोध उनियाल, अल्मोड़ा से रेखा आर्या और ऊधम सिंह नगर जिले से सौरभ बहुगुणा मंत्री हैं। इनमें से देहरादून जिले से मंत्री प्रेमचद अग्रवाल अपने पद से त्यागपत्र दे चुके हैं। इस परिदृश्य को देखें तो मंत्रिमंडल में सात जिलों को प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल में इन जिलों के विधायकों में से कुछ की किस्मत खुल सकती है। अब जबकि बदली परिस्थितियों में मंत्रिमंडल विस्तार जरूरी हो गया है तो भाजपा संगठन भी मंथन में जुट गया है। मुख्यमंत्री धामी इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व से विमर्श करने सोमवार को दिल्ली जा सकते हैं। यही नहीं, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी दिल्ली में ही हैं। चर्चा है कि मुख्यमंत्री उनके साथ बैठक करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 23 मार्च 2022 को शपथ ली थी। अब 23 मार्च को वह अपने दूसरे कार्यकाल के तीन साल पूरे करने जा रहे हैं। जैसी परिस्थितियां बन रही हैं उससे साफ है कि अपने कार्यकाल के चौथे वर्ष में उनके मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरे भी होंगे।
You may also like
-
BGMI में वापस आएगा स्पाइडर-मैन, 4.5 अपडेट में मिलेगा नया वर्टिकल गेमप्ले
-
हाईकोर्ट का स्ट्रीट डॉग्स मामले में कड़ा रुख, बच्चों को होने वाले नुकसान पर सीएस से मांगा जवाब
-
हरिद्वार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली, महिला की हत्या की बात कबूली
-
शहीद बलवंत सिंह खेतवाल को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ा जनसैलाब, हर आंख हुई नम
-
बारिश: उत्तराखंड पर अगले 48 घंटे भारी, मसूरी में 100 साल पुराना पेड़ गिरा, उत्तरकाशी में भी आफत, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी