दुग्ध संघ अल्मोड़ा की प्रबंध समिति भंग, सीडीओ को सौंपी जिम्मेदारी, जानें कारण

अल्पमत में आने के कारण दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, अल्मोड़ा की वर्तमान प्रबंध कमेटी को भंग किया गया, CDO को प्रशासक नियुक्त किया गया

अल्मोड़ा: दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड अल्मोड़ा की प्रबंध समिति को अल्पमत में आने के कारण भंग कर दिया गया है. समिति के पुनर्गठन तक संघ के कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अल्मोड़ा को सौंपी गई है. दुग्ध सहकारी समितियों की निदेशक एवं निबंधक इला गिरि ने इस संबंध में आदेश जारी कर सीडीओ को प्रशासक नियुक्त कियाहै.

अल्पमत में आने पर दुग्ध संघ अल्मोड़ा की प्रबंध समिति भंग: जारी आदेश के अनुसार दुग्ध संघ अल्मोड़ा की प्रबंध समिति में कुल नौ निर्वाचित सदस्य थे. इनमें से छह सदस्य विभिन्न वैधानिक एवं उपविधिक कारणों से अनर्ह (अपात्र) पाए गए. इसके चलते समिति में केवल तीन अर्ह सदस्य ही शेष रह गए थे. नियमानुसार कुल निर्वाचित सदस्यों की आधी संख्या से कम अर्ह सदस्य होने पर प्रबंध समिति अल्पमत में मानी जाती है. इनएलिजिबल घोषित किए गए सदस्यों में नीमा देवी (दुधौली), ख्याली दत्त पंत (सिरमोली), सुनीता देवी (चन्द्रकोट), ब्रह्मानंद डालाकोटी (डालाकोट), मोहनी देवी (दुदिला) और चंद्रशेखर जोशी (छतगुल्ला) शामिल हैं.

सीडीओ को सौंपी जिम्मेदारी: इनमें कुछ सदस्य प्राथमिक दुग्ध समितियों में प्रशासक नियुक्त होने, समितियों का कार्यकाल समाप्त होने और निर्धारित दुग्ध आपूर्ति के मानक पूरे नहीं करने के कारण इनएलिजिबल हुए हैं. वहीं ब्रह्मानंद डालाकोटी की पत्नी के दुग्ध संघ में नियमित कर्मचारी होने का मामला भी सामने आया. इस मामले में दुग्ध संघ अल्मोड़ा के प्रधान प्रबंधक एवं सचिव ने अगस्त 2026 में ही प्रबंध समिति को भंग कर प्रशासक नियुक्त करने की संस्तुति की थी.

इसके बाद सहायक निदेशक डेयरी विकास अल्मोड़ा और बागेश्वर से रिपोर्ट मांगी गई. संबंधित सदस्यों को नैसर्गिक न्याय के सिद्धांत (Principles of natural justice) के तहत अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया. इस कार्रवाई को लेकर उच्च न्यायालय नैनीताल में याचिका भी दायर की गई थी. जांच और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर निदेशालय डेयरी विकास ने प्रबंध समिति को अल्पमत में पाया. इसके बाद उत्तराखंड सहकारी समिति अधिनियम, 2003 की धारा 29(5)(ख) के तहत कार्रवाई करते हुए समिति को भंग कर दिया गया. अब नई प्रबंध समिति के पुनर्गठन तक सीडीओ अल्मोड़ा प्रशासक के रूप में दुग्ध संघ के कार्यों का संचालन करेंगे.

दुग्ध सहकारी समितियों की निदेशक एवं निबंधक ने बताया कि-

अल्पमत में आने के कारण दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, अल्मोड़ा (उत्तराखंड) की वर्तमान प्रबंध कमेटी को भंग कर दिया गया है और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को प्रशासक नियुक्त किया गया है.
-इला गिरि, दुग्ध सहकारी समितियों की निदेशक एवं निबंधक-

Categories