पूछताछ में रईस ने देहरादून पुलिस को बताया कि वो गौकशी की फिराक में था, गैंगस्टर पर सहारनपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं
देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शातिर गैंगस्टर रईस घायल हो गया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया. उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश बिना नंबर की बाइक पर सवार थे.
देहरादून पुलिस के साथ सहारनपुर के गैंगस्टर की मुठभेड़: पुलिस के मुताबिक 12-13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान गोरखपुर चौक की तरफ से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक सवार तेजी से चाय बागान की ओर भागने लगे.
पुलिस के साथ मुठभेड़ में शातिर गैंगस्टर रईस घायल: पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के जरिए आसपास के थानों को सूचना दी और बदमाशों का पीछा शुरू किया. पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर दोनों बदमाश बाइक सड़क किनारे छोड़कर चाय बागान की ओर भाग गए. पुलिस द्वारा पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इस दौरान पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ. पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी.
गैंगस्टर रईस का साथी नवाब फरार: घायल बदमाश की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर, हाल निवासी छुटमलपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है. उसकी उम्र 26 वर्ष बताई गई है. उसका साथी नवाब निवासी सहारनपुर मौके से फरार हो गया. मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है.
एनकाउटंर पर एसएसपी का बयान: एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि-
घायल बदमाश रईस साल 2024 में प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना में पिछले करीब दो साल से वांछित चल रहा था. इस मामले में थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज है. पुलिस इस मामले में रईस के चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
-प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, देहरादून-
गौकशी की फिराक में थे रईस और नवाब: पूछताछ में रईस ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से गौकशी की घटनाओं में शामिल रहा है. पुलिस के मुताबिक, वह अपने साथी नवाब के साथ दोबारा देहरादून आया था. दोनों टी-स्टेट और आसपास के इलाकों में घूमने वाले आवारा गौवंश की रेकी कर गौकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. पुलिस से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी.
रईस पर अनेक मुकदमे दर्ज हैं: देहरादून पुलिस के अनुसार, रईस सहारनपुर का गैंगस्टर है. उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं. उसके खिलाफ सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून में कई मामले दर्ज हैं.
प्रेमनगर थाने में रईस के खिलाफ मुकदमा दर्ज: पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना प्रेमनगर में मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है. वहीं मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार बदमाश नवाब की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. वहीं, घायल गैंगस्टर को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है. साथ ही स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग के निर्देश दिए हैं. इसी के तहत अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय चेकपोस्ट के साथ ही आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस का चेकिंग अभियान जारी है.
You may also like
-
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसा, चीरबासा में पत्थर गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत, रास्ते में फंसे 1100 यात्रियों का रेस्क्यू
-
गोमुख-तपोवन ट्रेक पर फंसे 121 ट्रेकर का रेस्क्यू, 136 पर्वतारोहियों के लिए हेलीकॉप्टर पहुंचे, चारधाम यात्रा फिर शुरू
-
‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस: वर्ल्डवाइड 400 करोड़ का आंकड़ा पार, शाहरुख, आमिर और ऋतिक की फिल्म को चटाई धूल
-
DAV कॉलेज में गाली देने वाले हरियाणवी सिंगर का अब UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में शो, बजरंग दल ने किया अलर्ट
-
नेपाल में भीषण बारिश, भयंकर तूफान, बाढ़ और लैंडस्लाइड से 21 लोगों की मौत, 5 लापता