अगले 6 दिन उत्तराखंड में होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार 8 जून से 13 जून तक उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश होगी, मैदानी क्षेत्र भी भीगेंगे

देहरादून: उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शुक्रवार 13 जून तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है. पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय जिलों में अगले 6 दिन और मैदानी सभी जिलों में 3 दिन बारिश होने की संभावना है. कहीं-कहीं बहुत हल्की तो कहीं हल्की बारिश बादलों की गर्जना के साथ होगी.

आज उत्तराखंड के इन जिलों में होगी बारिश: मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार 8 जून को उत्तराखंड के पांच जिलों में बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले शामिल हैं. वहीं कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है. इन सभी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश बादलों की गड़गड़ाहट के साथ होगी. राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

मंगलवार, बुधवार को भी होगी बारिश: मंगलवार 9 जून को भी बारिश का यही पैटर्न रहेगा. यानी पांच पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बारिश होगी. बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. बुधवार 10 जून को मौसम का बदलाव और विस्तार लेगा. इस दिन सभी पर्वतीय जिलों में बारिश होने की संभावना है. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.

गुरुवार को कुमाऊं में सक्रिय रहेंगे बादल: गुरुवार 11 जून को पूरे राज्य में बारिश होने की संभावना है. इस बार मौसम का बदलाव राज्य के कुमाऊं मंडल की ओर शिफ्ट होगा. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. वहीं राज्य के बाकी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी.

शुक्रवार को पूरे राज्य में होगी बारिश: शुक्रवार 12 जून को भी पूरे राज्य में बारिश होने का अनुमान है. राज्य के कुछ पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जना के साथ होने का अनुमान है. राज्य के हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी. 13 जून को भी बारिश का यही पैटर्न रहेगा.

अगले 2-3 दिन में बढ़ेगा तापमान: मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अत्यंत कम से लेकर सामान्य से काफी कम तक रहा. पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से अत्यंत कम रहा. इसके साथ ही मौसम विभाग ने अनुमान जारी किया है कि, राज्य में अगले 2-3 दिन में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है. उसके बाद अधिकतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं होगा.

Categories