हरिद्वार में आत्महत्या के दो मामले सामने आने के बाद हड़कंप मच गया, पुलिस शवों का पोस्टमार्टम कराने के साथ जांच कर रही है
हरिद्वार: हरिद्वार में आत्महत्या के दो मामले सामने आए हैं. पहला मामला रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर का है. बताया जा रहा है कि आत्महत्या करने वाला युवक नशे का आदी था. उसने कुछ दिन पहले पुलिस को लूट की झूठी सूचना भी दी थी. दूसरा मामला सिडकुल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी का है. यहां एक विवाहिता ने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी है.
नशे के आदी 35 साल के युवक ने की आत्महत्या: पुलिस के अनुसार रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में एक 35 साल के युवक ने आत्महत्या कर ली. युवक की पहचान नितिन कुमार पुत्र अनिल कुमार के रूप में हुई है, जो सलेमपुर का ही रहने वाला था. पुलिस को पड़ोस में रहने वाले युवक सागर ने सूचना दी और बताया कि सोमवार सुबह से नितिन कुमार ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला है. परिजनों ने दीवार चढ़कर देखा तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई. अंदर नितिन लटका दिखा.
कुछ दिन पहले पुलिस को लूट की झूठी सूचना भी दी थी: सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. जांच में सामने आया कि नितिन नशे का आदी था. कुछ दिन पहले उसने पुलिस को लूट की झूठी सूचना भी दी थी. ये भी बात सामने आई है कि तीन दिन पहले नितिन ने पुलिस को लूट की झूठी सूचना दी थी. पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, हालांकि बाद में युवक के नशे का आदी होने के कारण उस पर कोई एक्शन नहीं लिया था. वहीं दो दिन बाद युवक ने आत्महत्या कर ली. युवक काफी समय से नशा कर रहा था. रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.
सिडकुल क्षेत्र में गृह क्लेश से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या: वहीं सिडकुल थाना क्षेत्र में भी एक महिला के आत्महत्या करने का मामला सामने आया. यहां सिडकुल थाना क्षेत्र के राम धाम कॉलोनी, ब्रह्मपुरी से पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला ने आत्महत्या कर ली है. महिला की पहचान लता पत्नी सचिन के तौर पर हुई है. यह घटना बीते रविवार की है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. पुलिस जांच में सामने आया है कि लता का पति सचिन से अक्सर मन मुटाव रहता था. गृह क्लेश के चलते लता ने आत्महत्या कर ली. परिजनों की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है.
You may also like
-
चारधाम यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था होगी और सख्त, श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा पर सरकार का विशेष फोकस
-
राज्य के सरकारी स्कूलों में विज्ञान प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण की तैयारी, विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक प्रयोगात्मक शिक्षा
-
नैनीताल और मसूरी में सप्ताहांत से पहले पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही, पर्यटन कारोबार में लौटी रौनक
-
देहरादून में स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन परियोजना को मिलेगी नई रफ्तार, जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम
-
जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, उत्तराखंड में 1 सितंबर से शुरू होगा विशेष गणना अभियान