देहरादून में बढ़ते अपराधों और हाल ही में हुए दिव्यांशु हत्याकांड को लेकर किसानों और छात्र समुदाय में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि वे किसानों के साथ देहरादून कूच करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाएंगे।
राकेश टिकैत ने बताया कि वे शुक्रवार सुबह 11 बजे किसानों के जत्थे के साथ आशारोड़ी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज में बढ़ रही असुरक्षा के खिलाफ आवाज उठाने का प्रयास है। टिकैत ने कहा कि जिस प्रकार छात्रों के बीच हिंसक घटनाएं बढ़ रही हैं, वह बेहद चिंताजनक है और इससे युवा वर्ग में भय का माहौल बन रहा है।
उन्होंने दिव्यांशु जाटराणा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। छात्रों के बीच आपसी विवाद इस हद तक बढ़ जाना कि किसी की जान चली जाए, यह समाज के लिए खतरे की घंटी है। टिकैत ने सरकार से मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आशारोड़ी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग कर किसानों को शहर में प्रवेश करने से रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को ज्ञापन के रूप में स्वीकार किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, स्थानीय लोगों और छात्र संगठनों ने भी इस मामले में न्याय की मांग को समर्थन दिया है। कई छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इससे साफ है कि यह मुद्दा अब केवल एक घटना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह प्रदेश में कानून व्यवस्था और युवाओं की सुरक्षा से जुड़ा बड़ा सवाल बन चुका है।
You may also like
-
प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, घटना को दिखाया सड़क हादसा, जानिए कैसे खुला राज
-
बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी में कई गलत जवाब देख छात्रों के उड़े होश, पढ़ें पूरी खबर
-
उत्तराखंड टाइगर रिजर्व के लिए जारी फंड नहीं हुआ खर्च, NTCA ने मुख्य सचिव को भेजा पत्र
-
BGMI Lite का प्री-रजिस्ट्रेशन 25 अगस्त से शुरू होगा, जानें प्रोसेस और बाकी डिटेल
-
गूलरभोज में महिला और बच्चे को घुमा रहे युवक के साथ मारपीट अपहरण, अप्राकृतिक यौन हिंसा का आरोप, हालत गंभीर