लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने जीता उत्तराखंड MTB चैलेंज, जानिए कैसी रही उनकी जर्नी

MTB Challenge 2026: नोरबू ने 658 किलोमीटर की कठिन दौड़ को 23 घंटे 31 मिनट 02 सेकंड में पूरा कर प्रथम स्थान हासिल किया

मसूरी: उत्तराखंड की दुर्गम पहाड़ियों, घुमावदार सड़कों और चुनौतीपूर्ण हिमालयी रास्तों पर छह दिनों तक चले रोमांच और साहस के महासंग्राम का मसूरी में शानदार समापन हुआ. राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद ने अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन पर्वतीय साइकिलिंग चुनौती 2026 आयोजित की. जिसका खिताब लद्दाख के महज 19 वर्षीय साइकिल चालक त्सेवांग नोरबू ने अपने नाम किया.

त्सेवांग नोरबू ने 658 किलोमीटर की कठिन दौड़ को 23 घंटे 31 मिनट 02 सेकंड में पूरा कर प्रथम स्थान हासिल किया. हरियाणा के शिवेन 23 घंटे 40 मिनट 01 सेकंड के साथ दूसरे और सेना की साहसिक टीम के खुशीमन घरती 23 घंटे 40 मिनट 20 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे. मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के साथ भारतीय थल सेना, वायु सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कुल 66 साइकिल चालकों ने प्रतिभाग किया. साइकिल चालकों ने 20 नवंबर को नैनीताल जनपद के मुक्तेश्वर से अपनी यात्रा शुरू की. पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी तथा चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी में दौड़ का समापन किया.

पहले दो चरण जीतकर नोरबू ने बनाई निर्णायक बढ़त: इस प्रतियोगिता में लद्दाख के त्सेवांग नोरबू का प्रदर्शन शुरू से ही शानदार रहा. उन्होंने शुरुआती दोनों चरणों में जीत दर्ज कर अपनी बढ़त बना ली थी. तीसरे चरण में हरियाणा के शिवेन ने बेहद करीबी मुकाबले में नोरबू को एक सेकंड के दसवें हिस्से से भी कम अंतर से पीछे छोड़ दिया. इसके बाद सेना की साहसिक टीम के खुशीमन घरती ने भी जबरदस्त वापसी करते हुए अंतिम तीन चरणों में लगातार जीत दर्ज की.

145 किलोमीटर का चरण रहा सबसे चुनौतीपूर्ण: छह चरणों में आयोजित इस दौड़ का सबसे लंबा और चुनौतीपूर्ण मुकाबला बागेश्वर से तिलवाड़ा के बीच रहा. जिसकी दूरी 145 किलोमीटर थी. वहीं अंतिम चरण में चिन्यालीसौड़ से मसूरी तक 75 किलोमीटर का सफर तय कर साइकिल चालकों ने अपनी चुनौती पूरी की. पर्वतीय रास्तों, ऊंचाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच खिलाड़ियों की सहनशक्ति, गति और तकनीकी कौशल की कड़ी परीक्षा हुई.

10 जनपदों को जोड़ने वाली अनूठी प्रतियोगिता: इस आयोजन की खासियत केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों को एक साहसिक पर्यटन मार्ग के रूप में जोड़ने का भी काम किया. 658 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के दौरान कई गांवों में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर साइकिल चालकों का स्वागत किया. इससे स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और ग्रामीण पर्यटन को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली.

विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई. इस प्रकार के आयोजन उत्तराखण्ड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. पर्वतीय क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे.

-गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड सरकार

क्या बोले पर्यटन सचिव: सचिव पर्यटन एवं उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीरज सिंह गर्ब्याल ने आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों को बधाई दी. उन्होंने कहा राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस दौड़ ने कुमाऊं से गढ़वाल तक 658 किलोमीटर का सफर तय कर प्रदेश की एकता का संदेश दिया है. उत्तराखण्ड के पर्वतीय मार्ग साहसिक खेलों के लिए देश के बेहतरीन गंतव्यों में शामिल हैं/ ऐसे आयोजनों से कम चर्चित पर्यटन स्थलों को पहचान मिलेगी. मार्ग में पड़ने वाले गांवों में घरेलू पर्यटन आवास तथा स्थानीय आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे.

दिसंबर में हिमालयन कार रैली, आगे भी होंगे बड़े आयोजन: उत्तराखण्ड पर्यटन परिषद की ओर से साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आगामी 4 से 6 दिसंबर तक हिमालयन कार रैली आयोजित की जाएगी. इसके अतिरिक्त माणा दर्रे से 100 मील की हिमालयी सहनशक्ति दौड़ सहित वर्षभर विभिन्न साहसिक खेल आयोजनों की योजना भी बनाई गई है. पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि इन आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान केवल ग्रीष्मकालीन पर्यटन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि साल भर रोमांचक और साहसिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में स्थापित होगी.

Categories