प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की बैठक में प्रदेश में भाजपा की पुष्कर सिंह धामी सरकार की नीतियों के विरोध में व्यापक आंदोलन छेड़ने का निर्णय लिया गया। यह तय हुआ कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी गढ़वाल एवं कुमाऊं में दो बड़ी रैली करेगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में गुरुवार को बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने की। पार्टी हाईकमान के प्रतिनिधि के रूप में कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य गुरदीप सप्पल एवं प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘मेरा वोट मेरा अधिकार’ कार्यक्रम की समीक्षा के साथ आगामी छह माह के कार्यक्रमों की रुपरेखा पर चर्चा हुई। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सत्ताधारी भाजपा संविधान में जनता को दिए गए वोट के अधिकार से वंचित कर हर हाल में चुनाव जीतना चाहती है। पार्टी इस षडयंत्र का पर्दाफाश करेगी। उत्तराखंडियत को मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएंगे। भाजपा की नीतियों के विरुद्ध छह महीने तक प्रदेश में लगातार अभियान चलाया जाएगा। हर पोलिंग बूथ से 20 ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है, जिनके वोट निकाय चुनाव और केदारनाथ उपचुनाव में काटे गए। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की पिछले तीन वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों में भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार और बेरोजगारी प्रमुख हैं। कांग्रेस एकजुट होकर राज्य की भाजपा सरकार की तीन साल की विफलताओं को जनता के बीच उजागर करेगी।
कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा कि आज देश और प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई एवं भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। भाजपा सांप्रदायिक मुद्दों की ओर जनता का ध्यान भटका रही है। कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से भाजपा की जन नीतियों के विरुद्ध सड़कों पर संघर्ष करेगी।
बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं गणेश गोदियाल समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती तथा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर सुझाव दिए। इस अवसर पर विधायकों ने विधानसभा के बजट सत्र में सदन में उठाए गए मुद्दों और सदन में सरकार पर बनाए गए दबाव की जानकारी साझा की।
You may also like
-
ग्राम प्रधानों ने की एमपी-एमएलए की तरह निधि की मांग, 10 सूत्रीय मांगों को लेकर विकास भवन में किया प्रदर्शन
-
NEET UG MBBS फर्जी सर्टिफिकेट मामला, जांच के दायरे में 778 अभ्यर्थियों के दस्तावेज, इन्वेस्टिगेशन तय करेगी ‘भविष्य’
-
हल्द्वानी में घर-दुकान बनाना हुआ आसान, नक्शे की एनओसी का झंझट खत्म, अब सिंगल विंडो से होगी पूरी प्रक्रिया
-
भारतीय सेना की कुमाऊं कार रैली संपन्न, पर्यटन को बढ़ावा देना रहा उद्देश्य, वाइब्रेंट विलेज से भी जुड़े
-
KBC के नाम पर उत्तराखंड के शख्स से 1.5 करोड़ की साइबर ठगी, ₹8.5 लाख और कार जीतने के झांसे में गंवाई रकम