दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा कर स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे से एमबीबीएस में एडमिशन लेने के मामले में बड़ा खेल होने की आशंका है.
देहरादून: उत्तराखंड में फर्जी दस्तावेजों से स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे से एमबीबीएस में एडमिशन लेने के मामले में नया खुलासा हुआ है. ये मामला अब और बड़ा होता दिखाई दे रहा है. क्योंकि इस मामले का खुलासा करने वाले एक्टिविस्ट प्रदीप बहुगुणा ने 370 संदिग्ध अभ्यर्थियों की सूची उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तक पहुंचाई हैं. साथ ही उन्होंने इस नई सूची के आधार पर जांच की मांग भी की हैं.
प्रदीप बहुगुणा का दावा है कि सूची में शामिल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड, निवास और अन्य दस्तावेजों की जांच किए जाने की जरूरत है. आरोप है कि इनमें कुछ ऐसे अभ्यर्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और NEET की परीक्षा दूसरे राज्यों से की, लेकिन एमबीबीएस दाखिले के लिए उत्तराखंड के स्थायी निवास और स्वतंत्रता सेनानी आश्रित से जुड़े प्रमाण-पत्र हासिल किए.
चार दाखिले पहले ही हो चुके हैं रद्द: दरअसल, यह पूरा मामला तब सामने आया जब स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे से एमबीबीएस में दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों की जांच में गंभीर विसंगतियां मिलीं. देहरादून जिला प्रशासन की जांच के बाद चार अभ्यर्थियों के स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र निरस्त किए गए और उनके एमबीबीएस दाखिले भी रद्द कर दिए गए. जांच में दिए गए पतों का सत्यापन नहीं होने और दस्तावेजों में विसंगतियां सामने आने की बात कही गई.
मामला यहीं नहीं रुका. फर्जी प्रमाण-पत्र हासिल करने के आरोप में चार छात्राओं समेत पांच लोगों के खिलाफ देहरादून के दो थानों में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दस्तावेज कहां से तैयार हुए और इसमें अन्य लोगों की भूमिका है या नहीं.
अब 370 नामों ने बढ़ाई चिंता: इसी बीच सामने आई 370 अभ्यर्थियों की सूची ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है. सूची तैयार करने वाले प्रदीप बहुगुणा का कहना है कि इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की गहराई से जांच होनी चाहिए. खास तौर पर यह देखा जाना चाहिए कि
- अभ्यर्थियों का स्थायी निवास प्रमाणपत्र किस आधार पर बना
- स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए कौन से दस्तावेज लगाए गए
- इन प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल किस स्तर पर सरकारी सीट या आरक्षण का लाभ लेने के लिए किया गया.
जांच के बाद ही साफ होगा मामला: प्रदीप बहुगुणा की तरफ से जारी की गई सूची में शामिल सभी 370 अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी हैं, यह अभी साबित नहीं हुआ है. इसलिए इन नामों को फिलहाल संदिग्ध अभ्यर्थियों की सूची के तौर पर देखा जा रहा है. अब प्रशासनिक जांच के बाद ही यह साफ होगा कि इनमें कितने मामलों में वास्तव में दस्तावेजों में गड़बड़ी है.
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के निर्देश: स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने भी इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताया है. उनका कहना है कि पहले सामने आए मामलों को लेकर जिलाधिकारी देहरादून को जांच के निर्देश दिए गए थे. मामले की जांच चल भी रही है.
चिकित्सा शिक्षा विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि काउंसलिंग के दौरान किसी अभ्यर्थी के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाते हैं या कोई शिकायत मिलती है तो तत्काल संबंधित स्तर पर कार्रवाई की जाए. उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से भी पहले कहा गया है कि काउंसलिंग के दौरान संदिग्ध प्रमाण-पत्र मिलने पर संबंधित जिला अधिकारियों को जानकारी भेजी गई और प्रमाण-पत्र निरस्त किए गए.
-सुबोध उनियाल, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड-
काउंसलिंग से पहले जांच की मांग: अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 370 अभ्यर्थियों की इस सूची में शामिल नामों की जांच किस स्तर पर होती है और क्या जांच पूरी होने से पहले इन अभ्यर्थियों को आरक्षण या अन्य सरकारी लाभ का फायदा मिलता है. सूची सौंपने वाले प्रदीप बहुगुणा ने मांग की है कि सभी दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए और यदि किसी मामले में फर्जीवाड़ा सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
इस मामले में प्रशासन के सामने चुनौती सिर्फ पहले सामने आए चार दाखिलों तक सीमित नहीं रह गई है. अब 370 संदिग्ध नामों की सूची सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ाने की मांग उठ रही है. ऐसे में आने वाली एमबीबीएस काउंसलिंग से पहले इन दस्तावेजों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पर सभी की नजर रहेगी. वहीं पुलिस और प्रशासन की मौजूदा जांच से यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि पहले सामने आए फर्जी प्रमाण-पत्रों के पीछे केवल व्यक्तिगत स्तर पर गड़बड़ी थी या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे.
You may also like
-
केदारघाटी में सियासत गरमाई, दुग्गल बिट्टा निरीक्षण भवन पर बांधा रक्षा सूत्र, लीज पर देने का जोरदार विरोध
-
सरकारी स्कूल के छात्रों के लिए खुशखबरी, 10वीं-12वीं के बच्चों को टैबलेट खरीदने के लिए सरकार देगी पैसा
-
ज्योलीकोट में 3 लोगों की जान लेने वाले पानी के सभी 9 सैंपल फेल, 24 नमूनों की जांच कर रही थर्ड पार्टी
-
उत्तराखंड में निधि खर्च करने में ढीले पहाड़ी विधायक, भाजपा से ज्यादा खर्च कर रहे हैं कांग्रेसी MLA, आरटीआई में खुलासा
-
मसूरी के गरीब परिवार पर टूटा मुसीबतों का पहाड़, दो साल से बिस्तर पर पत्नी, अब पति के दिल में भी छेद