मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.![]()
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. बीते दिन कई क्षेत्रों में अचानक तेज बारिश, ओलावृष्टि और सर्द हवाओं ने मौसम का रुख पलट दिया. जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली. वहीं देहरादून मौसम विभाग ने आज फिर राज्य के जनपदों के अधिकांश स्थानों में गरज व चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. साथ ही 3800 मीटर तथा उसकी ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी का अंदेशा जताया है.
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश व ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है. साथ ही (50-60) किमी से बढ़कर 70 किमी प्रति घंटा झोंकेदार हवाएं चलतने का अंदेशा जताया है. उत्तरकाशी, देहरादून, टहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं राज्य के शेष जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने व झोंकेदार हवाएं (40-50) किमी प्रति घंटा चलने की संभावना है. जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. देहरादून में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. झोंकेदार हवाएं (40-50) किमी प्रति घंटा चलने की संभावना है. अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 34°C व 22°C के लगभग रहने की संभावना है.
मसूरी में झमाझम बारिश: भीषण गर्मी से झुलस रहे मैदानी इलाकों के बीच मसूरी में मौसम ने ऐसा यू-टर्न लिया कि लोगों को मई महीने में ही दिसंबर जैसी ठंड का एहसास होने लगा. बीती देर रात अचानक तेज बारिश, ओलावृष्टि और सर्द हवाओं ने पूरी मसूरी को अपने आगोश में ले लिया. सुबह होते-होते पूरा शहर बादलों और घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया. बारिश के बाद तापमान में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई. ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े.
पर्यटक, जो गर्मी से राहत पाने मसूरी पहुंचे थे, उन्हें उम्मीद नहीं थी कि मई में इतनी ठंड महसूस होगी. कई पर्यटक होटल की बालकनियों और कैफे से बादलों और बारिश का नजारा लेते दिखाई दिए. मॉल रोड पर अलग ही माहौल देखने को मिला. कहीं लोग बारिश में भीगते हुए वीडियो बना रहे थे तो कहीं पर्यटक हाथों में कॉफी लेकर कोहरे के बीच घूमते नजर आए. सोशल मीडिया पर भी मसूरी के मौसम के वीडियो तेजी से वायरल होने लगे.
दूनवासियों को गर्मी से मिली राहत: भीषण गर्मी की मार झेल रहे देहरादून वासियों को गुरुवार की रात मौसम ने राहत दी. काले बादलों के बीच राजधानी देहरादून में बीती रात जमकर बारिश हुई. मौसम का मिजाज बदलने से देहरादून वासियों को हीटवेव से काफी राहत मिली है.
You may also like
-
उत्तराखंड के 12 जिलों में उप प्रधान पद के लिए आज वोटिंग, देर शाम घोषित होंगे परिणाम
-
ईरान के IRGC ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया
-
उत्तराखंड में आज फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी, रखें अपना ध्यान
-
फिर सुर्खियों में मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट, ग्रामीण ने लगाया धोखाधड़ी कर जमीन बेचने का आरोप, पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग
-
वाइल्डलाइफ बोर्ड से मंजूरी मिलते ही रेलवे ट्रैक बनेगा सुरक्षित, ट्रायल में पास हुआ AI सिस्टम