प्रदेश के गंगा दशहरा पर्व पर तमाम मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया है.![]()
उत्तरकाशी (उत्तराखंड): पतितपावनी मोक्षदायिनी मां भागीरथी (गंगा) के धरा अवतरण के पावन पर्व गंगा दशहरा के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. गंगा दशहरा पर सोमवार सुबह से ही गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर, भागीरथी घाट और आसपास का पूरा क्षेत्र “हर-हर गंगे” तथा “जय मां गंगे” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा. देश के विभिन्न राज्यों सहित विदेशों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु मां गंगा के पावन दर्शन और स्नान के लिए धाम पहुंचे.
प्रातःकाल में मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ. मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और घंटियों की मधुर ध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. गंगोत्री मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. श्रद्धालुओं ने भागीरथी नदी के पवित्र एवं शीतल जल में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया. मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन मां गंगा में स्नान करने और दान-पुण्य करने से समस्त पापों का नाश होता है और व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है. धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया.
गंगा दशहरा के अवसर पर गंगोत्री धाम का आध्यात्मिक और दिव्य वातावरण श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहा है. मां गंगा के दर्शन और पावन स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी रहा. गौर हो कि गंगा दशहरा पर्व को लेकर हरिद्वार में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा. रविवार को धर्मनगरी हरिद्वार में 27 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया, जबकि आज सोमवार की सुबह गंगा आरती के बाद श्रद्धालुओं की संख्या 16 लाख पहुंच चुकी है.You may also like
-
WhatsApp पर आ रहा नया फीचर, अब आप कभी भूल नहीं पाओगे दोस्तों का बर्थडे!
-
गवाह को धमकी मिलना मुकदमे के स्थानांतरण का आधार नहीं, हाईकोर्ट ने कहा- गवाह संरक्षण कानून का करें उपयोग
-
उत्तराखंड में मानसून का कहर, सड़कें बनीं दरिया, जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहे लोग
-
भवाली नरेश पांडे मामले में नया मोड़, पहली शिकायतकर्ता युवती हिरासत में, हुई लंबी पूछताछ, जल्द और गिरफ्तारियां संभव
-
देहरादून के सुलभ शौचालय पर कांग्रेस का कब्जा! रोका जनता का रास्ता, सरकारी फंड के दुरुपयोग पर सिस्टम की चुप्पी