खटीमा में मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद लोगों में खासा आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग की.
खटीमा: उधम सिंह नगर जिले के खटीमा पंजाबी कॉलोनी में रास्ते अतिक्रमण एवं बिजली मीटर लगाए जाने को लेकर उपजे विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं. बीते दिनों हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है, जिसके बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. कोतवाली पहुंचे आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की. वहीं पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है.
खटीमा पंजाबी कॉलोनी में बीते दिन जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान बरेली के निजी अस्पताल में मौत हो गई. युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. आक्रोशित लोग खटीमा कोतवाली पहुंचे और आरोपी परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा न्याय की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मौके पर पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 14 पंजाबी कॉलोनी निवासी सीता पत्नी दीनदयाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि क्षेत्र के ही सचिन रघुवंशी और संदीप रघुवंशी पुत्र सतीश रघुवंशी ने एक राय होकर उनके देवर विवेक कुमार, सास ललिता देवी और पुत्री दीपिका पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया था.
घटना में विवेक कुमार और ललिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया था. पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इधर बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को विवेक कुमार की मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच रास्ते और अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. घटना के बाद प्रशासन की मौजूदगी में आरोपी परिवार के घर के आगे किए गए अतिक्रमण को भी ध्वस्त किया गया. मृतक विवेक कुमार खटीमा स्टांप वेंडर एवं अरायजनवीस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष भी था.
मृतक की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से अपने दो छोटे बेटों के पालन-पोषण के लिए सहायता की अपील की है. घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी भी कोतवाली पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया. विधायक ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की. वहीं पुलिस प्रशासन ने परिजनों को हत्या की धारा बढ़ाकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है. पूरे घटनाक्रम के दौरान कोतवाली और घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे.
You may also like
-
Maruti Suzuki जून से अपनी गाड़ियों की कीमत में करेगी बढ़ोतरी, 30,000 रुपये तक महंगी होंगी कारें
-
जगजीतपुर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से फूटा लोगों का गुस्सा, बिजली घर पर किया हंगामा, हाईवे किया जाम
-
पुलिस महकमे में बंपर ट्रांसफर, कई उप निरीक्षक और निरीक्षकों को किया इधर उधर, देखिये लिस्ट
-
पुलिस महकमे में बंपर ट्रांसफर, कई उप निरीक्षक और निरीक्षकों को किया इधर उधर, देखिये लिस्ट
-
उपनल कर्मियों पर शासन का यूटर्न मॉडल, दूसरी बार कट ऑफ डेट में बदलाव की तैयारी